भारी बारिश से प्रभावित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, सुरक्षा कार्य तेज करने के निर्देश

भारी बारिश से प्रभावित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, सुरक्षा कार्य तेज करने के निर्देश

चम्बा 11 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

भारी बरसात से हुई क्षति का जायजा लेने उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर व रावी नदी के किनारे पहुँचकर स्थिति का मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि विद्यालय में बारिश से हुई क्षति का शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर मुख्यालय को भेजा जाए, ताकि आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर आरंभ किया जा सके।उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर सुरक्षा, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन तथा विद्यार्थियों की सुविधा से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि रावी नदी की ओर से बाढ़ जैसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा दीवार का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

इसके लिए विद्यालय प्रबंधन को विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही, परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने, प्लास्टिक निष्पादन को व्यवस्थित करने तथा विद्यार्थियों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाने पर भी बल दिया।उन्होंने प्राचार्य को सलाह दी कि समय-समय पर आपदा प्रबंधन ड्रिल आयोजित की जाए और इसके लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से समन्वय स्थापित किया जाए। विद्यालय परिसर के चारों ओर बंदर व अन्य जंगली जीवों की रोकथाम के लिए सोलर फेंसिंग लगाने का प्रावधान सुनिश्चित करने को भी कहा। जल शक्ति विभाग को पेयजल की नियमित जांच के निर्देश दिए, जबकि परिसर में सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस विभाग द्वारा नियमित गश्त सुनिश्चित करने की बात कही।

उपायुक्त ने राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के प्रधानाचार्य को विद्यालय में करियर काउंसलिंग शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका का विमोचन किया। प्राचार्य विक्रम सचदेवा ने विद्यालय में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि यहां वर्तमान में 559 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बैठक में प्रबंधन समिति के सदस्यों व विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!