सिहुंता में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 24.40 ग्राम चरस सहित एक व्यक्ति गिरफ्तार

सिहुंता में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 24.40 ग्राम चरस सहित एक व्यक्ति गिरफ्तार

भटीयात/चम्बा 21 दिसंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चम्बा के उपमंडल भटियात के अंतर्गत सिहुंता क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए एक व्यक्ति को 24.40 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सिहुंता में मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सिहुंता पुलिस की एक टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक व्यक्ति पैदल सड़क की ओर आता हुआ दिखाई दिया। जैसे ही उसकी नजर पुलिस टीम पर पड़ी, वह घबरा गया और असामान्य हरकतें करने लगा। व्यक्ति के व्यवहार को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 24.40 ग्राम चरस बरामद की। इसके बाद पुलिस ने तुरंत चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान देश राज पुत्र ज्ञान चंद, निवासी गांव गुम्मू, तहसील सिहुंता, जिला चम्बा के रूप में हुई है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चरस कहां से लाया था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है। जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि युवाओं को नशे की लत से बचाया जा सके और समाज को सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!