नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई , चिट्टा मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, नशा तस्करी नेटवर्क पर कसा शिकंजा

कांगडा/ नुरपुर 18 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
नूरपुर पुलिस जिला ने नशा तस्करी के खिलाफ अपनी मुहिम को जारी रखते हुए एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। 15 मई 2026 को भदरोया क्षेत्र में पकड़ी गई 41.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के मामले में पुलिस ने गहन जांच करते हुए बैकवर्ड लिंकेज यानी नशे के स्रोत तक पहुंच बनाई और मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनमोहन सिंह उर्फ बीरू (22 वर्ष), निवासी भदरोया, तहसील इंदौरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 29 के तहत गिरफ्तार किया है, जो नशा तस्करी से जुड़े षड्यंत्र और सहयोग के मामलों में लागू होती है।गौरतलब है कि 15 मई को सीआईए टीम नूरपुर ने भदरोया में एक घर पर छापेमारी के दौरान सिलाई मशीन के नीचे छिपाकर रखी गई 41.40 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस दौरान मौके से एक मां और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया था। उक्त कार्रवाई के आधार पर पुलिस थाना डमटाल की जांच के दौरान पुलिस ने मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए अब तीसरे आरोपी तक पहुंच बनाई है।इस सारे मामले पर पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नूरपुर कुलभूषण वर्मा के अनुसार, इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि नूरपुर पुलिस नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत न केवल तस्करों को पकड़ा जा रहा है, बल्कि उनके सप्लाई चेन और नेटवर्क को भी ध्वस्त करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।