चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान महिला से 1 किलो 402 ग्राम चरस बरामद, SIU ने किया गिरफ्तार

चम्बा 26 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला चंबा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी के नेतृत्व में लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई के बीच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। SIU पुलिस दल ने नाकाबंदी के दौरान एक महिला तस्कर को चरस के साथ गिरफ्तार किया है।यह मामला आज दोपहर करीब 12 बजे का है, जब SIU पुलिस दल ने चंबा–तीसा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की हुई थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस द्वारा आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट की लाल रंग की प्लेज़र (Pleasure) स्कूटी को संदेह के आधार पर जांच के लिए रोका गया।

स्कूटी चला रही महिला की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली।तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से कुल 1 किलो 402 ग्राम चरस/कैनाबिस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला की पहचान 25 वर्षीय सलीमा पत्नी अय्यूब, निवासी गांव गुराड़ा, डाकघर नकरोड़, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है।इस मामले में आरोपी महिला के विरुद्ध पुलिस थाना सदर चंबा में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी महिला चरस कहां से लाई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि नशे से संबंधित कोई भी सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि नशे के इस अवैध नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जा सके।