चंबा में “भविष्य सेतु” करियर काउंसलिंग शिविर आयोजित, एडीएम अमित मैहरा ने छात्राओं को दिया सफलता का मंत्र

चंबा में “भविष्य सेतु” करियर काउंसलिंग शिविर आयोजित, एडीएम अमित मैहरा ने छात्राओं को दिया सफलता का मंत्र

चम्बा 27 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला रोजगार कार्यालय चंबा के सौजन्य से पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में “भविष्य सेतु – एक पहल सुनहरे भविष्य की” विषय पर आधारित करियर काउंसलिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) अमित मैहरा ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया और छात्राओं को निरंतर प्रयास को सफलता की कुंजी बताते हुए जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया।एडीएम अमित मैहरा ने कहा कि सफलता के लिए किसी भी प्रकार का जेंडर बाधा नहीं बनता, बल्कि कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करती है।

उन्होंने छात्राओं से निसंकोच आगे बढ़ने और चुनौतियों का डटकर सामना करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए निरंतर परिश्रम और आत्मबल के महत्व पर जोर दिया।शिविर में उप पुलिस अधीक्षक बलदेव दत्त ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने फर्जी सूचनाओं और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही माता-पिता के सम्मान और भावनाओं की कद्र करने का संदेश भी दिया।

सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल ने कहा कि सही समय पर लिया गया सही निर्णय ही उज्ज्वल भविष्य की नींव होता है। उन्होंने परिश्रम और अनुशासन के महत्व को रेखांकित करते हुए छात्राओं को सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित किया।जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने विभिन्न करियर विकल्पों, रोजगार योजनाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. करण हितेषी ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच पर प्रकाश डाला। राजकीय बहुतकनीक संस्थान सरोल के प्रवक्ता हिमांशु बगलवान ने तकनीकी शिक्षा और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग से मनोहर नाथ ने विभागीय सेवाओं और पत्रकारिता क्षेत्र में करियर संभावनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्रीकला, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रशासन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!