विधानसभा क्षेत्र भटियात के गांव भंगेई के संपर्क मार्ग का विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया शिलान्यास

विधानसभा क्षेत्र भटियात के गांव भंगेई के संपर्क मार्ग का विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया शिलान्यास

भटीयात/ चुवाडी़ 27 दिसम्बर बबलू पठानीया

भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत थुलेल में आज विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भंगेई संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त ग्रामवासियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की रीढ़ होती हैं और सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना है।
विधानसभा अध्यक्ष ने जानकारी दी कि लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह संपर्क मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए आवागमन को सुगम बनाएगा और लोगों के दैनिक जीवन में उल्लेखनीय सुधार लाएगा। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क के विस्तार के लिए पूर्व में तैयार की गई विशेष कार्य योजना अब धरातल पर सार्थक परिणाम दे रही है।

वर्तमान में क्षेत्र में लगभग 80 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि इसी क्रम में प्रधानमंत्री ग्राम संपर्क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के 12 संपर्क मार्गों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनके अंतर्गत लगभग 70 किलोमीटर नए संपर्क मार्गों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने थुलेल तथा आसपास की पंचायतों में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये व्यय किए जाने की जानकारी भी दी।
विधानसभा अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि भंगेई गांव तक सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद इसे मुख्य मार्ग से जोड़ा जाएगा, ताकि कोई भी सड़क ब्लाइंड न रहे और सभी गांव मुख्य मार्ग से सुचारु रूप से जुड़े रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि बल्ली एवं आसपास के अन्य गांवों को भी चरणबद्ध तरीके से सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।


इस अवसर पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए तथा क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया। कार्यक्रम में राज्य वन निगम के सदस्य निदेशक चेला कृष्ण चंद्र, एसडीएम पारस अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!