
विद्यार्थियों ने किया बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग व बट्ट आईटीआई का शैक्षणिक भ्रमण, मिली कई महत्वपूर्ण व्यावहारिक जानकारीयां
डलहौजी़/ चम्बा 27 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगढार, समलेऊ तथा राजकीय उच्च विद्यालय ढगोह के विद्यार्थियों ने शनिवार को बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं बट्ट आईटीआई, बोंखरी मोड़ का शैक्षणिक भ्रमण कर व्यावसायिक एवं तकनीकी शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाए जा रहे विषयों के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान से भी परिचित कराना रहा।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बगढार के हेल्थ केयर एवं टेलीकम्युनिकेशन विषय के 23 विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों मधु शर्मा एवं जावेद खान के साथ बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नर्सिंग प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया और नर्सिंग विषय से संबंधित विभिन्न उपकरणों, प्रक्रियाओं एवं प्रशिक्षण प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग की भूमिका को नजदीक से समझा।वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समलेऊ के 45 विद्यार्थियों ने अपने अध्यापकों सोमराज, सुरजीत सिंह, अनु देवी एवं बंदना देवी के साथ तथा राजकीय उच्च विद्यालय ढगोह के 45 विद्यार्थियों ने अध्यापिका कंचन देवी के नेतृत्व में बट्ट आईटीआई का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने इलेक्ट्रिशियन, फीटर, मोटर मैकेनिक व्हीकल, सर्वेयर ट्रेड एवं कंप्यूटर लैब का अवलोकन कर संबंधित विषयों की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।इस अवसर पर बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के चेयरमैन परवेज अली बट्ट ने विद्यार्थियों को संस्थान के पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट में शुरू किए गए मल्टी पर्पज हेल्थ वर्कर कोर्स की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि बट्ट ग्रुप द्वारा संचालित संस्थानों में प्रशिक्षुओं को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक प्रशिक्षण देने के लिए आधुनिक उपकरणों एवं मशीनरी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।उधर, तीनों विद्यालयों के अध्यापकों ने संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने के लिए बट्ट ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स का आभार व्यक्त किया।