एसआईयु पुलिस दल चम्बा को खैरी में नाकाबंदी के दौरान बड़ी सफलता 11.84 ग्राम चिट्टा सहित युवक गिरफ्तार

एसआईयु पुलिस दल चम्बा को खैरी में नाकाबंदी के दौरान बड़ी सफलता 11.84 ग्राम चिट्टा सहित युवक गिरफ्तार

खैरी/चम्बा 08 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले के पुलिस थाना खैरी के अंतर्गत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक अहम सफलता प्राप्त हुई है। बीती रात करीब 1 बजे गांव समलेऊ के हलीपैड़ मार्ग पर की गई नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने चिट्टा/हेरोइन की तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार नाकाबंदी के दौरान क्रैशर साइड से आ रही काले रंग की ऑल्टो K10 कार (नंबर HP73-7837) को पुलिस ने जांच के लिए रोका।

वाहन चालक पुलिस दल को देखकर घबरा गया, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। संदेह के आधार पर जब कार की गहन तलाशी ली गई तो वाहन के डैशबोर्ड से 11.84 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। बरामद की गई नशीली पदार्थ की खेप को पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया।कार चालक की पहचान अनिल कुमार पुत्र हरि सिंह, निवासी गांव व डाकघर बग्गी, तहसील सलूणी, जिला चंबा, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसे पुलिस थाना खैरी लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस पूरे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की यह खेप कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!