चंबा में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून की योजनाओं की समीक्षा, प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

चम्बा 09 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला मुख्यालय में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के अंतर्गत क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एस.पी. कत्याल ने की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत संचालित योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण संचालन को सुनिश्चित करना रहा।बैठक में प्रधानमंत्री पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्कूलों में दिए जा रहे मध्यकालीन भोजन, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को प्रदान किया जाने वाला पौष्टिक आहार, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार सहित जिला चंबा के दुर्गम व जनजातीय क्षेत्रों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से वितरित की जा रही राशन सामग्री की क्रमवार विस्तृत समीक्षा की गई।

इस अवसर पर डॉ. एस.पी. कत्याल ने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना आवश्यक है, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। उन्होंने जिला नियंत्रक राज्य नागरिक आपूर्ति सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सही वितरण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्रों में इस वर्ष भी समय रहते छह माह का राशन पहुंचाया गया है और लगभग 98 प्रतिशत वितरण पूरा कर लिया गया है।डॉ. कत्याल ने बताया कि वह आगामी दो दिनों तक जिला चंबा के दौरे पर रहेंगे और दूर-दराज के क्षेत्रों में जाकर योजनाओं की जमीनी हकीकत का स्वयं निरीक्षण करेंगे।

बैठक में मिले सुझावों को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक मजबूत किया जा सके।बैठक में जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति विभाग करन ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) दीपक आनंद तथा शिक्षा विभाग के विशेष कार्य अधिकारी उमा कांत ने अपने-अपने विभागों से संबंधित जानकारी साझा की। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।