डलहौजी में ट्राई का उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम, टेलीकॉम सेवाओं में अधिकारों की दी जानकारी

डलहौजी/ चम्बा , 14 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
दूरसंचार क्षेत्र में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध विकल्पों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) के क्षेत्रीय कार्यालय, दिल्ली द्वारा डलहौजी स्थित होटल प्रेसिडियम सरोवर में एक महत्वपूर्ण उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “टेलीकॉम एवं ब्रॉडकास्टिंग में उपभोक्ता संरक्षण और विकल्प” रहा, जिसमें विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।इस कार्यक्रम में उपभोक्ताओं के साथ-साथ ट्राई से पंजीकृत उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधि, टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं के अधिकारी तथा स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान ट्राई के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को दूरसंचार सेवाओं से जुड़े अधिकारों, शिकायत निवारण प्रणाली तथा सेवा गुणवत्ता मानकों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।ट्राई के संयुक्त सलाहकार श्री राजेश त्रिपाठी, वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी सुशील कुमार बंसल तथा अधिकारी सुरेश के.वी. ने अपने संबोधन में बताया कि उपभोक्ता जागरूकता ही बेहतर सेवाओं की कुंजी है।

उन्होंने उपभोक्ताओं को अनचाहे कॉल और संदेशों से बचाव के लिए ट्राई के “डू नॉट डिस्टर्ब (DND)” ऐप तथा इंटरनेट स्पीड की जांच के लिए “MySpeed” ऐप के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम में Airtel, BSNL, Jio और Vodafone Idea के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और टेलीकॉम सेवाओं में पारदर्शिता, बेहतर सेवा गुणवत्ता और उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान कई प्रतिभागियों ने मौके पर ही DND ऐप डाउनलोड कर अनचाहे व्यावसायिक संदेशों के खिलाफ जागरूकता और सक्रियता का परिचय दिया।यह कार्यक्रम उपभोक्ताओं को सशक्त बनाने और डिजिटल सेवाओं के प्रति उनकी समझ बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।