चम्बा में चिट्टे के साथ पकड़ा गया नाबालिग आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, आधे घंटे में दोबारा गिरफ्तार; 2 पुलिसकर्मी निलंबित

चम्बा 09 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा जिले में शुक्रवार को एक नाटकीय घटनाक्रम सामने आया, जब चिट्टे की खेप के साथ पकड़ा गया एक नाबालिग आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की तत्परता के चलते आरोपी को महज आधे घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले को गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने कड़ा संज्ञान लिया है और ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दो पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।जानकारी के अनुसार, वीरवार रात एसआईयू पुलिस दल ने गोली ज़ीरो प्वाइंट पर नाकेबंदी के दौरान चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक आरोपी नाबालिग था। शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस की एक टीम नाबालिग आरोपी को पेशी के लिए जुवेनाइल कोर्ट लेकर पहुंची। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी पुलिस जवानों को चकमा देकर वहां से फरार हो गया।आरोपी के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया और आरोपी की तलाश के लिए शहरभर में टीमें गठित कर दी गईं। नाकों पर निगरानी बढ़ाई गई और संभावित मार्गों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसी बीच ट्रैफिक पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल मोहित ने सतर्कता दिखाते हुए सपड़ी मोहल्ले में नर सिंह मंदिर के पास फरार आरोपी को पहचान लिया और पीछा कर उसे दबोच लिया। इस तरह आरोपी को करीब आधे घंटे के भीतर दोबारा पुलिस हिरासत में ले लिया गया।चम्बा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि हिरासत से आरोपी का भागना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को ले जाने वाले दो पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही, पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।