हिमाचल सरकार के निर्देशानुसार जिला चंबा में कूरियर व ई-कार्ट सेवाओं का सघन निरीक्षण

चम्बा 14 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत जिला चंबा में सुरक्षा, सतर्कता और जन-विश्वास को मजबूत करने की दिशा में पुलिस प्रशासन द्वारा कूरियर सेवाओं और ई-कार्ट सेवाओं का सघन निरीक्षण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य कूरियर नेटवर्क के माध्यम से होने वाली किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।जिला चंबा के विभिन्न स्थानों पर संचालित कूरियर एवं ई-कार्ट कार्यालयों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर अभिलेखों की गहन जांच की।

निरीक्षण के दौरान पार्सलों की बुकिंग प्रक्रिया, प्रेषक व प्राप्तकर्ता का विवरण, पहचान संबंधी दस्तावेजों और रजिस्टरों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई, ताकि नशे, अवैध वस्तुओं या अन्य गैरकानूनी सामग्री के परिवहन की संभावनाओं को समय रहते रोका जा सके।इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि जिले में कार्यरत सभी कूरियर एवं ई-कार्ट सेवाएं प्रदान करने वाले कार्यालयों की नियमित जांच की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक की गई जांच के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है, जो कि एक सकारात्मक संकेत है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और कूरियर सेवाओं का दुरुपयोग न हो सके। उन्होंने आम नागरिकों और सेवा प्रदाताओं से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशे और अपराध पर प्रभावी अंकुश तभी संभव है, जब समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करें।इस कार्रवाई से जहां कूरियर सेवाओं की पारदर्शिता बढ़ी है, वहीं आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास भी मजबूत हुआ है।
