जिला चंबा में अवैध क्लिनिक पर औषधि नियंत्रण प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, झोलाछाप के खिलाफ मामला दर्ज

जिला चंबा में अवैध क्लिनिक पर औषधि नियंत्रण प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, झोलाछाप के खिलाफ मामला दर्ज

चम्बा 14 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

औषधि नियंत्रण प्रशासन, जिला चंबा द्वारा जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्राम रेता, डाकघर झुलाड़ा, तहसील पुखरी, जिला चंबा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस दौरान बिलास बिस्वास द्वारा संचालित बिना लाइसेंस के क्लिनिक एवं कमरे पर छापेमारी की गई। यह कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई, जिसमें स्थानीय लोगों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की गई।छापेमारी के समय स्थानीय निवासी हेम राज, लेख राज, राज कुमार और तेज राम भी मौके पर उपस्थित रहे। तलाशी के दौरान यह गंभीर तथ्य सामने आया कि आरोपी बिलास बिस्वास मरीजों को एक्सपायर्ड इंजेक्शन लगा रहा था। इसके अतिरिक्त उसके पास से एलोपैथिक दवाओं एवं इंजेक्शनों का भारी भंडार बरामद किया गया, जो बिना किसी वैध अनुमति के संग्रहित किया गया था।कार्रवाई के दौरान दो थोक दवा विक्रेताओं (होलसेलरों) के बिल और भुगतान से संबंधित रसीदें भी जब्त की गईं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी को नियमित रूप से दवाओं की आपूर्ति की जा रही थी।

औषधि नियंत्रण प्रशासन ने मौके से 35,000 रुपये नकद तथा आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।जांच में यह भी सामने आया कि बिलास बिस्वास बिना किसी मान्य शैक्षणिक योग्यता एवं अधिकृत अनुमति के बवासीर (पाइल्स) के मरीजों की सर्जरी कर रहा था, जो कि कानूनन गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और मरीजों की जान के लिए भी अत्यंत खतरनाक है। आरोपी को दवाओं की खरीद व बिक्री से संबंधित समस्त रिकॉर्ड सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया गया है।औषधि नियंत्रण प्रशासन द्वारा कुल 52 प्रकार की दवाएं जब्त की गई हैं तथा इस मामले में औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम (Drugs and Cosmetics Act) के तहत विधिवत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, जिन थोक विक्रेताओं द्वारा इस झोलाछाप को दवाओं की आपूर्ति की गई, उनके विरुद्ध भी जांच जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!