अठलूईं पंचायत के गांव त्रिठा में चाइल्ड हेल्पलाइन का आउटरीच कार्यक्रम आयोजित

चंबा 06 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा आज चंबा उपमंडल की अठलूईं पंचायत के गांव त्रिठा में बच्चों और अध्यापकों के लिए एक जागरूकता आधारित आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों तथा ग्रामीणों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण और चाइल्ड हेल्पलाइन की सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के सुपरवाइजर विक्की जरयाल तथा केस वर्कर चमन सिंह ने उपस्थित बच्चों और गांववासियों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, शोषण या संकट की स्थिति में बच्चे अथवा उनके अभिभावक 1098 पर नि:शुल्क कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।इस अवसर पर बच्चों को विभिन्न बाल अधिकारों के विषय में जागरूक किया गया। इसमें बाल विवाह, बाल मजदूरी, नशे की लत, बाल तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति, बाल यौन शोषण, घरेलू हिंसा, बाल दुर्व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना और शारीरिक दंड जैसी सामाजिक बुराइयों पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही दिव्यांग, अनाथ और अर्ध-अनाथ बच्चों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को परामर्श के माध्यम से पुनः मुख्यधारा में जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बच्चों को सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने की सलाह दी गई तथा बहलाने, फुसलाने और ब्लैकमेल करने वाले असामाजिक तत्वों से दूरी बनाए रखने के लिए सचेत किया गया। विशेष रूप से छात्राओं को अनजान लोगों से मेल-जोल न बढ़ाने और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा करने, अभद्र टिप्पणियों या मोबाइल के माध्यम से आपत्तिजनक सामग्री दिखाने की स्थिति में तुरंत 1098 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।इसके अतिरिक्त बच्चों को पोषण, अनुशासन के महत्व और जीवन में लक्ष्य निर्धारण के विषय में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में 7 ग्रामीणों सहित 24 बच्चों ने भाग लिया। गांववासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों और अभिभावकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।