सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, 15 फरवरी अंतिम तिथि

चम्बा 07 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला कल्याण अधिकारी राज बहादुर ने जिले के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों से अपील की है कि जिन लोगों ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे इसे 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी पेंशन लाभार्थियों के लिए ई-केवाईसी सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है और तय समय सीमा के बाद सत्यापन न करवाने वालों की पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।जिला कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी कि लाभार्थी अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र अथवा संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ जाकर ई-केवाईसी सत्यापन करवा सकते हैं। विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों के लिए यह सत्यापन अभियान जुलाई 2025 में जिला कल्याण अधिकारी के निर्देशन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से शुरू किया गया था। इस अभियान के अंतर्गत पहले सत्यापन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 फरवरी कर दिया गया है।उन्होंने बताया कि यदि 15 फरवरी तक कोई लाभार्थी ई-केवाईसी नहीं करवाता है, तो उसे सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लिए अपात्र मानते हुए उसकी पेंशन बंद कर दी जाएगी।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड उपलब्ध नहीं है या जिनका आधार अद्यतन नहीं है, वे संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।राज बहादुर ने बताया कि जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों की कुल संख्या 57,706 है। इनमें से 31 जनवरी तक 47,064 लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 10,642 लाभार्थियों का सत्यापन अभी शेष है। उन्होंने सभी शेष लाभार्थियों से समय रहते ई-केवाईसी करवाने की अपील की, ताकि उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रह सके।