योग मानव विकास ट्रस्ट की नई पहल,आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ती हजारों महिलाएँ, अप्रैल से शुरू होगी सुरक्षित छात्रावास की सुविधा

डलहोजी/चम्बा 08 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
योग मानव विकास ट्रस्ट आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान, विशेषकर युवतियों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है। ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे विविध व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों ने अब तक हजारों महिलाओं के जीवन को नई दिशा दी है। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को कौशलयुक्त बनाकर रोजगारोन्मुख और स्वावलंबी बनाना है।ट्रस्ट के अंतर्गत सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी एंड वेलनेस, कंप्यूटर शिक्षा, योग एवं स्वास्थ्य जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से अब तक लगभग 2500 से 3000 छात्राएँ लाभान्वित हो चुकी हैं।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद कई महिलाएँ अपना स्वयं का व्यवसाय सफलतापूर्वक चला रही हैं और आज “लखपति दीदी” बनकर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं।ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए ट्रस्ट द्वारा एक और महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। अप्रैल माह से ट्रस्ट परिसर में सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित छात्रावास की शुरुआत की जाएगी। इस छात्रावास में छात्राओं के लिए स्वच्छ आवास, पौष्टिक भोजन, सुरक्षा व्यवस्था और पढ़ाई के अनुकूल शांत वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे बिना किसी चिंता के अपने प्रशिक्षण पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

यह छात्रावास सुविधा उन बेटियों के लिए विशेष अवसर साबित होगी, जो अब तक आवास की कमी या संसाधनों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पाती थीं। ट्रस्ट की यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।इच्छुक छात्राएँ छात्रावास में पंजीकरण एवं अन्य जानकारी के लिए 8544747413 पर श्वेता कुमारी से संपर्क कर सकती हैं। साथ ही ट्रस्ट द्वारा संचालित सभी पाठ्यक्रमों में अप्रैल 2026 से प्रवेश प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।