भरमौर क्षेत्र में सनसनीखेज घटना, पति ने पत्नी की हत्या कर खुद भी की आत्महत्या

भरमौर/ चम्बा 18 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर विधानसभा क्षेत्र की उपतहसील धरवाला के अंतर्गत गांव लोथल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस दर्दनाक वारदात में एक व्यक्ति ने कथित रूप से पहले अपनी पत्नी की हत्या की और इसके बाद स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव सहित आसपास के इलाकों में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। साक्ष्य एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान सरवन कुमार पुत्र तानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, देर रात वह शराब के नशे में था और इसी दौरान पत्नी के साथ उसका झगड़ा शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या कर दी और बाद में खुद भी फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का अपनी पत्नी के साथ अक्सर झगड़ा होता रहता था और वह पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था, लेकिन उस समय परिजनों ने उसे बचा लिया था। मृतका परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उठाती थी और घोड़े-खच्चर चलाकर मेहनत-मजदूरी के जरिए घर का पालन-पोषण करती थी।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी नेइस सारे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। यह घटना घरेलू हिंसा और नशे की लत से जुड़ा है, जिसने दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। बता दें कि यह पूरा मामला पुरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।