चम्बा के सेंट स्टीफन स्कूल को आईसीएसई मान्यता, शिक्षा जगत में ऐतिहासिक उपलब्धि

चम्बा के सेंट स्टीफन स्कूल को आईसीएसई मान्यता, शिक्षा जगत में ऐतिहासिक उपलब्धि

चम्बा 18 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

चम्बा शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट स्टीफन सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित किया है। वर्षों के संघर्ष, निरंतर प्रयास और समर्पण के बाद विद्यालय को अब आधिकारिक रूप से आई.सी.एस.ई. बोर्ड से मान्यता प्राप्त हो गई है। यह उपलब्धि न केवल स्कूल, बल्कि पूरे चम्बा जिले के विद्यार्थियों के लिए विश्वस्तरीय शिक्षा के नए अवसर लेकर आई है।इस ऐतिहासिक अवसर पर स्कूल के चेयरमैन विशाल स्त्रावला ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सेंट स्टीफन स्कूल की नींव वर्ष 1976 में मंडी में रखी गई थी, जबकि 2004 में इसकी शुरुआत चम्बा में की गई। प्रारंभिक वर्षों में यह संस्थान किराए के भवन में केवल 11वीं और 12वीं कक्षाओं के साथ संचालित होता था। सीमित संसाधनों के बावजूद स्कूल प्रबंधन, समर्पित शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से संस्थान ने निरंतर प्रगति की।उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में गांव बनियाग में स्कूल का अपना भव्य परिसर तैयार हुआ और 2017 में संस्थान को यहां स्थानांतरित कर दिया गया। विशाल स्त्रावला ने कहा कि शुरू से ही उनका सपना चम्बा के बच्चों को आईसीएसई बोर्ड की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराना था। पिछले एक वर्ष में इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विद्यालय में व्यापक बदलाव किए गए।आईसीएसई बोर्ड के कड़े मानकों को पूरा करने हेतु आधुनिक परीक्षा हॉल, पूर्ण सुविधाओं से युक्त विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, हाई-टेक लाइब्रेरी और उन्नत शैक्षणिक ढांचा विकसित किया गया। काउंसिल द्वारा दो बार किए गए गहन निरीक्षण में स्कूल सभी मानकों पर खरा उतरा, जिसके बाद मान्यता प्रदान की गई।चेयरमैन ने बताया कि आईसीएसई बोर्ड का पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है, जो विद्यार्थियों के संचार कौशल, वैज्ञानिक सोच और प्रतियोगी परीक्षाओं की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि यह मान्यता केवल एक औपचारिक स्वीकृति नहीं, बल्कि चम्बा के बच्चों को भविष्य की वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करने का संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!