चंबा में स्कूली छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्महत्या रोकथाम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चम्बा 18 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा के सौजन्य से आज होली हिमालयन वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चंबा में मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य किशोरों में बढ़ती मानसिक चुनौतियों को समझना और उनसे निपटने के उपायों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला चंबा डॉ. करण हितैषी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि भारत सरकार मानसिक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी दिशा में राष्ट्रीय टेली-मानस (Tele-MANAS) के माध्यम से 24 घंटे निःशुल्क परामर्श सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त ‘किरण’ हेल्पलाइन तथा जिला स्तर पर मानसिक आघात केंद्र भी स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि समय रहते मानसिक समस्याओं का समाधान हो सके।

डॉ. करण हितैषी ने जानकारी दी कि केंद्रीय बजट 2026-27 में उत्तर भारत के लिए निमहंस-2 (NIMHANS-2) की घोषणा की गई है, जिसका उद्देश्य तनाव, अवसाद और अन्य मानसिक विकारों के लिए सुलभ और विशेषज्ञ उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा 24/7 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 और 080-4611-0007 के माध्यम से निःशुल्क विशेषज्ञ परामर्श दिया जा रहा है।उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2022 में शुरू की गई राष्ट्रीय आत्महत्या रोकथाम रणनीति (NSPS) का लक्ष्य वर्ष 2030 तक आत्महत्या मृत्यु दर को 10 प्रतिशत तक कम करना है। मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सामाजिक शर्म और भय को समाप्त करने के लिए स्कूलों में मानसिक स्वास्थ्य शिक्षा तथा कार्यस्थलों पर उपयुक्त नीतियां लागू की जा रही हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए योग, ध्यान, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और प्रभावी तनाव प्रबंधन अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आवश्यकता पड़ने पर 14416 अथवा 1800-599-0019 पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर सी.आर. ठाकुर, जन शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी, कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा, स्कूल की प्रधानाचार्य बेनु चढा तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित