जिला चम्बा में किशोरियों के सर्वाइकल कैंसर बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान को लेकर समन्वय समिति की बैठक आयोजित

चम्बा 19 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा 19 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी ी)
जिला चम्बा में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए आज उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया।उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन को सफल बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभागों का आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों व शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि छात्राओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी टीके के महत्व, लाभ और सुरक्षा के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि 28 फरवरी को स्कूलों में आयोजित होने वाली पीटीएम बैठकों में एचपीवी वैक्सीनेशन पर चर्चा अनिवार्य रूप से शामिल की जाए। पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को सरल भाषा में टीकाकरण की प्रक्रिया, लाभ और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देकर किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर किया जाए।उपायुक्त ने बताया कि जिला चम्बा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 5992 बालिकाओं को चिन्हित किया गया है। इन सभी के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 27 विभिन्न कोल्ड चेन पॉइंट्स पर निःशुल्क टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि 8 से 10 हजार रुपये मूल्य की यह वैक्सीन पूर्णतः मुफ्त उपलब्ध करवाई जा रही है, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम है।

बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वेवभी ने एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका सिंगल डोज के रूप में बाएं ऊपरी बाजू में लगाया जाएगा तथा टीकाकरण के समय बच्ची का खाली पेट न होना आवश्यक है।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी जालम सिंह भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी देवेंद्र चिनोरिया, जिला पंचायत अधिकारी तिलक कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. कर्ण हितैषी, एमओएच डॉ. कविता महाजन, ओएसडी उमाकांत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।