12 से 14 मार्च तक होगा चम्बा साहित्य उत्सव, तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

चम्बा 09 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज 12 से 14 मार्च तक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा में आयोजित होने वाले चम्बा साहित्य उत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्सव के सफल आयोजन के लिए बनाई गई कार्ययोजना पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि तीन दिवसीय यह साहित्यिक आयोजन सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से उत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिवसीय चम्बा साहित्य उत्सव के दौरान विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इनमें कथा सत्र, कविता उत्सव, ग़ज़ल संध्या, संगीत एवं कविता प्रस्तुति, पैनल चर्चा, थिएटर कलाकारों की प्रस्तुतियां, कवि सम्मेलन तथा संवाद सत्र प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रकाशकों द्वारा पुस्तक मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे साहित्य प्रेमियों को विभिन्न पुस्तकों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।उपायुक्त ने बताया कि चम्बा की प्राचीन कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से हेरिटेज वॉक का भी आयोजन किया जाएगा।

इस गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों को चम्बा की ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि चम्बा साहित्य उत्सव कला और संस्कृति के क्षेत्र में संवाद तथा विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इससे स्थानीय साहित्यकारों, कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और चम्बा की सांस्कृतिक पहचान को भी व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा।उपायुक्त ने साहित्य एवं कला प्रेमियों से उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से इस उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग देने की अपील भी की।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, सहायक आयुक्त राहुल धीमान, एसडीएम प्रियांशु खाती, संयुक्त निदेशक मेडिकल कॉलेज चंबा ओम प्रकाश ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनोरिया, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, प्रिंसिपल डिग्री कॉलेज राकेश राठौर, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।