हिमाचल में 81 नई पंचायतों का गठन, राज्य में कुल संख्या 3701 पहुंची

शिमला 10 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश सरकार ने पंचायत व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश में 81 नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। पंचायती राज विभाग की ओर से सोमवार को जारी इस अधिसूचना के साथ ही राज्य में पंचायतों की कुल संख्या बढ़कर 3701 हो गई है। हालांकि जनता की आपत्तियों के चलते फिलहाल तीन पंचायतों के गठन को रोक दिया गया है, जिनमें दो शिमला जिले और एक सोलन जिले की पंचायत शामिल है।सरकार के इस निर्णय के बाद संबंधित जिलों के उपायुक्तों को नई पंचायतों के वार्डों की जनसंख्या और उनकी सीमाएं निर्धारित करने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही 162 पंचायतों का पुनर्सीमांकन करने के लिए भी कहा गया है, क्योंकि इन पंचायतों से क्षेत्र अलग कर नई पंचायतों का गठन किया गया है। उपायुक्तों को यह प्रक्रिया तीन दिन के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।राज्य सरकार की ओर से 31 मार्च तक पंचायतों के लिए आरक्षण रोस्टर जारी किया जाएगा। इसी रोस्टर के आधार पर यह तय होगा कि कौन-सी पंचायत किस वर्ग के लिए आरक्षित होगी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 31 मई से पहले करवाए जाने अनिवार्य हैं, इसलिए सरकार चुनावी प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए तेजी से तैयारियां कर रही है।

नई पंचायतों के गठन में कांगड़ा जिला सबसे आगे रहा है, जहां 20 नई पंचायतें बनाई गई हैं। इसके अलावा चंबा में 6, शिमला में 9, ऊना में 6, सिरमौर में 8, सोलन में 11, हमीरपुर में 7, कुल्लू में 4, मंडी में 5, किन्नौर में 2, बिलासपुर में 2 और लाहौल-स्पीति में 1 नई पंचायत का गठन किया गया है।पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि नई पंचायतों की अधिसूचना जारी कर दी गई है और 20 मार्च तक वार्डों की जनसंख्या और सीमाएं तय करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण प्रशासन को और प्रभावी बनाने के लिए यह कदम उठा रही है।