शिमला में एसआईआर को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

शिमला 17 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मंडलीय मुख्यालय शिमला में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिला शिमला, सोलन और सिरमौर के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालयों के आईटी स्टाफ ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिमला अनुपम कश्यप ने की।कार्यशाला को संबोधित करते हुए अनुपम कश्यप ने कहा कि एसआईआर एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके लिए उच्च स्तर से लेकर निचले स्तर तक सभी अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है और अब यह प्रक्रिया जमीनी स्तर तक पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने अधिकारियों को एसआईआर के तकनीकी पहलुओं को गहराई से समझने और प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के निर्देश दिए।उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2002 से 2025 तक मतदाता सूची के मिलान में जिला शिमला की मतदाता सूची 98 प्रतिशत तक सटीक पाई गई है। उन्होंने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक फॉर्म पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. मुरारी लाल ने कहा कि देश के 12 राज्यों में एसआईआर प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और अब हिमाचल प्रदेश में इसे लागू किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण में दिए गए दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने का आग्रह किया।प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों द्वारा एसआईआर से संबंधित प्रक्रियाओं, आईटी एप्लिकेशन्स, तथा अधिकारियों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वीप गतिविधियों, मीडिया समन्वय और जनसमस्याओं पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला में यह भी बताया गया कि आगामी दिनों में जिला और बूथ स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रक्रिया को सफलतापूर्वक लागू किया जा सके।
