हिमाचल में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए 5 अप्रैल को राज्यभर में प्रवेश परीक्षा होगी आयोजित

मण्डी 17 मार्च चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
साई इंटरनल फाउंडेशन के तत्वावधान में हिमालयन सेंटर फॉर ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट, धर्मपुर (जिला मंडी) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु 5 अप्रैल 2026 (रविवार) को राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में (लाहौल-स्पीति को छोड़कर) आयोजित होगी।इस परीक्षा में वे छात्र पात्र होंगे, जिन्होंने कक्षा 8वीं उत्तीर्ण कर ली है और जिनके परिवार की वार्षिक आय 4,25,000 रुपये से अधिक नहीं है। सीमित सीटों पर मेरिट के आधार पर चयन किया जाएगा, जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जा सकती है।चयनित छात्रों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसमें छात्रावास, वर्दी, पुस्तकें और भोजन जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। विशेष बात यह है कि विद्यार्थियों या उनके अभिभावकों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।प्रवेश परीक्षा के लिए राज्यभर में विभिन्न परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें चंबा, सिरमौर, सोलन, शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और अन्य जिलों के विद्यालय शामिल हैं।उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन सुबह 10:00 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा और अपने साथ आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, 8वीं की अंकतालिका, आय प्रमाण पत्र (तीन माह के भीतर जारी) और आवश्यक स्टेशनरी लाना अनिवार्य होगा।संस्था ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में किसी प्रकार का बदलाव होने पर सूचना उनके आधिकारिक फेसबुक पेज पर दी जाएगी। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय समय में संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।यह पहल प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।