डलहौजी नागरिक अस्पताल का सीएमओ डॉ. जालम भारद्वाज ने किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने के निर्देश

डलहौजी/ चम्बा 18 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के नागरिक अस्पताल डलहौजी में आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया।निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, वार्ड, आपातकालीन कक्ष, प्रयोगशाला (लैब) तथा दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इन सभी स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।डॉ. भारद्वाज ने अस्पताल में स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन और सेंट्रल हीटिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन उपकरणों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और उपचार के बारे में जानकारी प्राप्त की। मरीजों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने सेवाओं में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल स्टाफ को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ विनम्र व्यवहार रखा जाए और उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दवाओं और उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा सेवाओं में निरंतर सुधार लाने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित अत्री और डॉ. सीमा अत्री भी उपस्थित रहे।