चंबा में जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक, स्वच्छ पेयजल और संरक्षण पर जोर

चंबा में जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक, स्वच्छ पेयजल और संरक्षण पर जोर

चंबा, 19 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा की अध्यक्षता में आज जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (डीडब्ल्यूएसएम) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल महोत्सव, पेयजल स्रोतों की सततता, जन शिकायत निवारण, योजनाओं के निरीक्षण तथा जल सेवा आकलन जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।अमित मैहरा ने जल महोत्सव के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पेयजल योजनाओं के अंतर्गत जल स्रोतों, भंडारण टैंकों और अन्य संबंधित संरचनाओं की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग को भी निर्देशित किया कि जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को स्वच्छता गतिविधियों के साथ जोड़ा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सके। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी शिक्षण संस्थानों में स्थापित जल भंडारण टैंकों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्रामीण फीकल स्लज प्रबंधन के विषय पर भी चर्चा की गई, जिसमें अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग जितेंद्र शर्मा ने जानकारी दी कि ‘जल अर्पण योजना’ के अंतर्गत जिला चंबा की ग्राम पंचायत सुंडला और चकलू की पेयजल योजनाओं को संबंधित पंचायतों को हस्तांतरित किया जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि पेयजल स्रोतों की सततता बनाए रखने के लिए वर्षा जल संचयन संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है तथा जल संरक्षण एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। बैठक में सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला विकास अधिकारी तिवेन्द्र चिनोरिया और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!