सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को प्राथमिकता दें बैंक :- उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को प्राथमिकता दें बैंक :- उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल

चंबा, 19 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बैंकिंग सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और विभिन्न ऋण कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने सभी बैंक प्रबंधन को निर्देश दिए कि पात्र खाता धारकों को सामाजिक सुरक्षा बीमा एवं पेंशन योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के अंतर्गत बैंकों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति पर असंतोष व्यक्त किया और बैंक अधिकारियों को अधिक संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त ने वार्षिक ऋण योजना (एनुअल क्रेडिट प्लान) 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1932.83 करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें तीसरी तिमाही तक 1280.41 करोड़ रुपये की उपलब्धि दर्ज की गई है, जो 66.25 प्रतिशत है।मुकेश रेपसवाल ने बैंक अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए और कृषि, उद्यान तथा अन्य संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन बैंकों में सेवाओं में कमी पाई जाए, वहां धनराशि जमा न की जाए। उन्होंने डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक डी.सी. चौहान ने बैंकिंग क्षेत्र की प्रगति की जानकारी दी, जबकि आरबीआई के एलडीओ आशीष सांगड़ा और नाबार्ड के डीडीएम राकेश कुमार ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। विभिन्न विभागों और बैंकों के अधिकारियों ने बैठक में भाग लेकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!