आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की सख्त समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश

आकांक्षी जिला कार्यक्रम की प्रगति पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की सख्त समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य पूरे करने के निर्देश

चंबा, 20 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आकांक्षी जिला एवं खंड कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विकास सूचकांकों, सम्पूर्णता अभियान 2.0, निगमित उत्तरदायित्व (CSR) योजनाओं तथा नीति आयोग निधियों के प्रभावी उपयोग पर गहन चर्चा की गई।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संकेतकों पर ध्यान केंद्रित करते हुए कम जन्म वजन वाले शिशुओं की दर को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा।

इस दिशा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज को पोषण विशेषज्ञों के सहयोग से कार्यशालाएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में गर्भवती महिलाओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए और कम से कम चार प्रसव-पूर्व जांच (एएनसी) अनिवार्य रूप से करवाई जाएं, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार हो सके।उपायुक्त ने बताया कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत अधिकांश सूचकांकों में जिले ने संतोषजनक प्रगति हासिल की है। ऐसे में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऑनलाइन डेटा अपलोड करते समय विशेष सावधानी बरती जाए, ताकि उपलब्धियों का सही प्रतिबिंब सामने आ सके।इसके अलावा, निगमित उत्तरदायित्व योजना एवं नीति आयोग निधियों के उपयोग को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र समय पर प्रस्तुत करने पर बल दिया।बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!