इंस्टाग्राम पर महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें अपलोड करने का मामला, तीसा थाना में मामला दर्ज

तीसा 20 मार्च दिलीप सिंह ठाकुर
चंबा जिले के तीसा क्षेत्र में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति पर महिला की नग्न तस्वीरें Instagram पर अपलोड कर प्रसारित करने का आरोप लगा है। पुलिस थाना तीसा में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियोग संख्या 28/26 के तहत यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 79, 352, 351(2) और 3(5) के अंतर्गत दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार निवासी सियूला ने आरोप लगाया है कि नरेश कुमार निवासी डोडा, जम्मू-कश्मीर ने उनकी पत्नी की नग्न तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड कीं और उन्हें अन्य लोगों तक भी प्रसारित किया।शिकायतकर्ता द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद थाना तीसा में तुरंत मामला दर्ज कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड की गई सामग्री, संबंधित अकाउंट की गतिविधियां और अन्य तकनीकी पहलुओं को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपों की पुष्टि की जा सके और दोषी के खिलाफ ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराध के मामलों में सख्ती से निपटा जा रहा है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और इस प्रकार की घटनाओं की तुरंत सूचना पुलिस को दें।फिलहाल पुलिस द्वारा मामले का अन्वेषण जारी है और आगामी कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।