बारिश से फिर टूटी डलहौजी की जीवनरेखा, सुभाष चौक–पतरैनी मार्ग भूस्खलन से बंद

बारिश से फिर टूटी डलहौजी की जीवनरेखा, सुभाष चौक–पतरैनी मार्ग भूस्खलन से बंद

डलहोजी/ चम्बा 21 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

पर्यटन नगरी डलहौजी में लगातार हो रही भारी बारिश ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। सुभाष चौक से पतरैनी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग भूस्खलन के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे इस पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। यह वही स्थान है जहां पिछले वर्ष मानसून के दौरान भी भूस्खलन हुआ था, जिसके चलते सड़क के नीचे स्थित नगर परिषद का गेस्ट हाउस क्षतिग्रस्त हो गया था और बाद में उसे ध्वस्त करने के आदेश दिए गए थे।सितंबर 2025 की घटना के बाद इस मार्ग पर केवल हल्के वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी गई थी, लेकिन छह महीने बीत जाने के बावजूद न तो सड़क की स्थायी मरम्मत की गई और न ही सुरक्षा के लिए डंगा लगाया गया। अब एक बार फिर भारी बारिश के चलते सड़क पूरी तरह बंद हो चुकी है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।यह मार्ग कॉन्वेंट स्कूल, एसडीएम कार्यालय, नागरिक अस्पताल, लोक निर्माण विभाग, उप रोजगार कार्यालय और मुख्य बाजार सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ता है। साथ ही आसपास कई निजी होटल भी स्थित हैं, जिससे यह सड़क पर्यटन सीजन में और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। सड़क बंद होने से स्कूली बच्चों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।यदि जल्द ही इस मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया, तो सुभाष चौक से कोर्ट रोड तक यातायात जाम की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने की बात कही जा रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर संजीव शर्मा के अनुसार, “डंगे का कार्य आवंटित कर दिया गया है और उसकी फाउंडेशन भी तैयार कर ली गई है। खराब मौसम के चलते कार्य रुका हुआ है, लेकिन मौसम साफ होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!