भरमौर में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से नवनिर्मित मकान तबाह, गरीब परिवार बेघर

भरमौर में बारिश का कहर, लैंडस्लाइड से नवनिर्मित मकान तबाह, गरीब परिवार बेघर

भरमौर/ चम्बा 21 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

भरमौर क्षेत्र में पिछले दिनों हुई भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे कई परिवारों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत पूलन के गांव पूलन में शुक्रवार को एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई, जहां लैंडस्लाइड की चपेट में आकर एक गरीब परिवार का नवनिर्मित मकान पूरी तरह जमींदोज़ हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष कुमार पुत्र चेरी राम ने बड़ी मेहनत और उम्मीदों के साथ कुछ वर्ष पहले अपने सपनों का घर बनाना शुरू किया था। उन्होंने मकान की नींव डालकर चारों ओर दीवारें भी खड़ी कर ली थीं। लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते अचानक पहाड़ी से मलबा गिरा और देखते ही देखते पूरा मकान ढह गया।

इस हादसे ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है और उनका आशियाना पल भर में मलबे में तब्दील हो गया।घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी मौजू राम ठाकुर ने बताया कि यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और एक गरीब परिवार की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा और राहत प्रदान की जाए, ताकि वे फिर से अपने जीवन को पटरी पर ला सकें।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि संवेदनशील क्षेत्रों का जल्द निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। लगातार हो रही बारिश के कारण अन्य स्थानों पर भी खतरा बना हुआ है, जिसे नजरअंदाज करना गंभीर परिणाम ला सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!