आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत भनौता में विश्व जल दिवस पर जागरूकता अभियान आयोजित

आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत भनौता में विश्व जल दिवस पर जागरूकता अभियान आयोजित

चम्बा 22 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिला के आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ के तहत ग्राम पंचायत भनौता में 22 मार्च को विश्व जल दिवस बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग हिमाचल प्रदेश के सहयोग से विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों—लडोह, ठुकराला, मधारका, घडोटी और चनेड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के लाभार्थियों और स्थानीय लोगों को स्वच्छ जल संग्रहण, जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही सभी केंद्रों में सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


सफाई अभियान के उपरांत सामुदायिक भवन लिल्ली भनौता में स्थित पेयजल स्रोतों और आसपास के क्षेत्रों की भी साफ-सफाई की गई। इस मौके पर जिला समन्वयक पोषण अभियान विकास शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व जल दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जल के महत्व को समझने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने बढ़ती आबादी और औद्योगिकीकरण के चलते जल संकट की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए जल संरक्षण के लिए छोटे-छोटे उपाय अपनाने की अपील की, जैसे नल को बंद रखना, वर्षा जल संचयन और जल-संरक्षण आधारित कृषि पद्धतियां अपनाना।


इसके अलावा खंड समन्वयक के रूप में उन्होंने हाथ धोने की सही विधि का प्रदर्शन कर स्वच्छता के महत्व को भी समझाया। कार्यक्रम में बाल आश्रम साहू के अकाउंटेंट मनजीत ठाकुर ने भी समाज में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!