अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, किंगपिन कठुआ से गिरफ्तार

नुरपुर/ कांगडा 22 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक नशा तस्करी गिरोह के मुख्य सरगना (किंगपिन) को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश पुलिस की सीआईए नूरपुर टीम द्वारा अंजाम दी गई, जिसने आरोपी को जम्मू-कश्मीर के कठुआ से दबोचा।पुलिस के अनुसार यह मामला थाना नूरपुर में दर्ज एफआईआर संख्या 206/2025 से जुड़ा है। 11 अक्टूबर 2025 को कंडवाल बैरियर पर लगाए गए नाके के दौरान पुलिस ने एक वाहन से 6.044 किलोग्राम चरस बरामद की थी। उस समय जिला मंडी के तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था।जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी के रूप में कांगड़ा निवासी शुभकरण की पहचान की, जिसे 1 नवंबर 2025 को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हुए, जिनमें पता चला कि बरामद चरस की खेप जम्मू-कश्मीर के कठुआ निवासी विजय कुमार उर्फ वी.के. को सौंपी जानी थी।

पुलिस ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए 22 मार्च 2026 को विजय कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया की वह इस गिरोह का अहम सदस्य होने के साथ-साथ इसका मुख्य सरगना भी है, जो अंतरराज्यीय स्तर पर नशा तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था।इस कार्रवाई के साथ हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में फैले एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क को करारा झटका लगा है। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए सख्ती से कदम उठाए जाएंगे।