भरमौर में श्रद्धालुओं की गाड़ी से तोड़फोड़, नवरात्रों में आस्था पर चोट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भरमौर में श्रद्धालुओं की गाड़ी से तोड़फोड़, नवरात्रों में आस्था पर चोट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

भरमौर/चंबा 22 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

जनजातीय क्षेत्र भरमौर में नवरात्रों के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को झकझोर कर रख दिया है। बन्नी माता मंदिर में दर्शन करने पहुंचे बाहरी श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो गाड़ी को असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और चारों टायर पंचर कर दिए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कांगड़ा से आए श्रद्धालु चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मां बन्नी माता के दर्शन के लिए भरमौर पहुंचे थे।

उन्होंने अपनी गाड़ी मांधा गांव में खड़ी की थी। रातभर वाहन वहीं खड़ा रहा, लेकिन सुबह जब श्रद्धालु वापस लौटने के लिए पहुंचे तो गाड़ी की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। वाहन के कई हिस्से तोड़े जा चुके थे और सभी टायर पंचर पाए गए।दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण मौके पर तुरंत मरम्मत सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी, मानसिक तनाव और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा। इस घटना ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि धार्मिक आस्था और अतिथि सत्कार की परंपरा पर भी चोट पहुंचाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भरमौर, जिसे देवभूमि के रूप में जाना जाता है, हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों का स्वागत करता है। लेकिन इस तरह की घटनाएं क्षेत्र की छवि को धूमिल कर रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।नवरात्रों जैसे पवित्र समय में हुई इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या श्रद्धालु अब भी सुरक्षित महसूस कर सकते हैं ? यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो इसका असर धार्मिक मणिमहेश यात्रा पर भी पड़ सकता है।बता दे इस घटना को लेकर स्थानीय विधायक डॉ जनक राज ने भी कड़ी निंदा की है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!