डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर की माता जी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

डलहोजी/चम्बा 23 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी. एस. ठाकुर की माता जी का आज बाद दोपहर निधन हो गया वे 90 वर्ष की थी। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज चंबा के एक निजी अस्पताल में जारी था।माताजी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही विधायक डी.एस. ठाकुर ने अपना विधानसभा सत्र बीच में ही छोड़ दिया था और तुरंत घर पहुंच गए थे। परिवार के सदस्यों के साथ वे लगातार उनकी देखभाल में जुटे हुए थे। बावजूद इसके, आज इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, स्वर्गीय माताजी का स्वभाव अत्यंत सरल और मिलनसार था। वे सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहती थीं, जिसके चलते क्षेत्र में उनकी एक अलग पहचान थी। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे इलाके ने एक सम्मानित और स्नेही व्यक्तित्व को खो दिया है।अंतिम संस्कार कल प्रातः उनके पैतृक गांव कंदला में किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचेंगे। इस दुखद अवसर पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी शोक संदेश जारी कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।