शिमला में एनकॉर्ड बैठक,नशा तस्करों पर सख्ती, संपत्ति जब्ती और जागरूकता पर जोर

शिमला में एनकॉर्ड बैठक,नशा तस्करों पर सख्ती, संपत्ति जब्ती और जागरूकता पर जोर

शिमला, 23 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में जिला स्तरीय मासिक एनकॉर्ड (NCORD) बैठक का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। बैठक में सभी उपमंडल अधिकारियों (एसडीएम) ने पिछले एक माह में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियानों और गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने जिला पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है और हाल ही में एक बड़े नशा गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि पटवारी अपने-अपने क्षेत्रों में नशा कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी एकत्र कर एसडीएम को भेजें, ताकि उनकी संपत्तियों की जांच कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सभी विभागों का समन्वय बेहद जरूरी है। राजस्व विभाग और अन्य एजेंसियों को पुलिस को समय पर जानकारी उपलब्ध करानी होगी, ताकि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति को जब्त किया जा सके। साथ ही नशा विरोधी जागरूकता गतिविधियों का पूरा रिकॉर्ड बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने बताया कि पंचायत चुनावों को देखते हुए आबकारी विभाग को अवैध शराब और उसके भंडारण पर कड़ी निगरानी रखनी होगी। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में नशा निवारण समितियों का गठन नहीं हुआ है, वहां जल्द से जल्द इनका गठन किया जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि एनडीपीएस मामलों में तेजी लाई जा रही है और अंतरराज्यीय नशा गिरोहों पर लगातार कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि वित्तीय जांच को तेज करने के लिए राजस्व विभाग से समयबद्ध रिपोर्ट आवश्यक है, जिससे नशा तस्करों की संपत्ति जब्त की जा सके।बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा सहित विभिन्न एसडीएम और डीएसपी भी शामिल हुए। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी जानकारी को “ड्रग फ्री हिमाचल” ऐप के माध्यम से साझा करें, जहां पहचान गोपनीय रखी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!