चम्बा में वन अधिकार अधिनियम के तहत जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित, कई प्रस्तावों पर हुई मंजूरी

चम्बा 24 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा 24 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) चम्बा के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में वन अधिकार अधिनियम (FRA), 2006 के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति (DLC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत प्राप्त प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करना रहा।बैठक के दौरान अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत जिला स्तरीय समिति को प्राप्त विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उपमंडल स्तर से प्राप्त प्रस्तावों की विभागीय औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभ मिल सके।उन्होंने उपमंडल अधिकारियों को नियमित अंतराल पर उप-मंडल स्तरीय समिति (SDLC) की बैठकें आयोजित करने और लंबित मामलों को समय पर जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही उन्होंने फील्ड स्तर पर आवश्यक जांच, स्थल निरीक्षण और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समन्वित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।बैठक में समिति द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा की गई, जिसमें कुछ मामलों को मंजूरी प्रदान की गई, जबकि अन्य प्रस्तावों पर आवश्यक सुझाव और टिप्पणियां दर्ज की गईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत ही पूरी की जाएंगी।इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रमजीत सिंह, वन मंडल अधिकारी (वन्यजीव) केएस जमवाल, वन मंडल अधिकारी डलहौजी रजनीश महाजन, जिला योजना अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी भटियात अनिल गुराडा, सहायक अभियंता जल शक्ति सिहुंता दिनेश सिंह तथा शिक्षा विभाग से तरलेश बाली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।