विश्व टीबी दिवस पर चंबा में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0’ का शुभारंभ, जागरूकता रैली और सम्मान समारोह आयोजित

चंबा 24 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जिला चंबा में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान चरण 2.0’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने निक्षय वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के तहत शकुंतला मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज सरोल की छात्राओं ने शहर में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रैली निकाली, जिसमें लोगों को इस गंभीर बीमारी के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।उपायुक्त ने अपने संबोधन में बताया कि अभियान के तहत जिले के 397 ऐसे गांवों की पहचान की गई है, जहां टीबी रोग का बोझ अधिक है। इन गांवों में रहने वाली पूरी आबादी की टीबी के लिए स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि समय रहते मरीजों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि यह अभियान टीबी उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा ‘टीबी मुक्त चंबा’ विषय पर गीत प्रस्तुत किया गया, जबकि फेस पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रितिका और अक्षिता ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अपराजिता और प्रिया ने द्वितीय तथा सुहानी और चंद्रेश ने तृतीय स्थान हासिल किया।इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों, चिकित्सा अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

उन्होंने अपने संबोधन में टीबी से जुड़े भ्रम और भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया।जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने अधिक से अधिक पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का आह्वान किया और लोगों को ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मचारी और कॉलेज स्टाफ भी उपस्थित रहे।