बनीखेत में श्रीमद्भागवत कथा से गूंजा आध्यात्मिक वातावरण, माँ कनकेश्वरी देवी का विशेष प्रवास

डलहोजी/चम्बा 25 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
बनीखेत क्षेत्र इन दिनों गहरे आध्यात्मिक माहौल में डूबा हुआ है, जहां पूज्य माँ कनकेश्वरी देवी के सान्निध्य में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु प्रतिदिन भाग लेकर कथा का रसास्वादन कर रहे हैं और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा के माध्यम से माँ कनकेश्वरी देवी भक्तों को धर्म, भक्ति, नैतिकता और जीवन के मूल्यों का गहन संदेश दे रही हैं, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।अपने बनीखेत आध्यात्मिक प्रवास के दौरान माँ कनकेश्वरी देवी ने योग मानव विकास ट्रस्ट द्वारा निर्मित अंतर्निर्माण कॉम्प्लेक्स का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े गुंबद में ध्यान साधना की, जिसे मानसिक शांति और आत्मिक ऊर्जा का एक अद्वितीय केंद्र माना जाता है। उनके इस ध्यान साधना ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं को भी गहरी आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की।इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से श्री एस.के. डोडेजा ने माँ कनकेश्वरी देवी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे अनुरोध किया कि वे भविष्य में भी इस स्थान पर प्रवास करें। उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि गुजरात सहित अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को उनकी आध्यात्मिक यात्रा के दौरान इस कॉम्प्लेक्स में ठहरने की सुविधा दी जाएगी।माँ कनकेश्वरी देवी ने ट्रस्ट के सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके आगमन से पूरे बनीखेत क्षेत्र में भक्ति, ऊर्जा और सकारात्मकता का वातावरण व्याप्त हो गया है। इस दौरान ट्रस्ट के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनका आशीर्वाद प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य किया।