रणजीत सागर डैम संधारा में मत्स्य ठेका आवंटन हेतु खुली नीलामी होगी 13 अप्रैल को

डलहोजी/ चम्बा 10 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
संधारा क्षेत्र में वर्ष 2026-27 के लिए मत्स्य ठेकों के आवंटन को लेकर खुली नीलामी आयोजित की जा रही है। यह नीलामी दि लाहड़ी संधारा मत्स्य सहकारी सभा, संधारा रणजीत सागर जलाशय द्वारा निर्धारित नियमों के तहत संपन्न करवाई जाएगी। नीलामी प्रक्रिया 13 अप्रैल 2026 को एफओ कार्यालय संधारा में आयोजित होगी, जिसका समय दोपहर 12 बजे निर्धारित किया गया है।जारी नीलामी सूचना के अनुसार, इच्छुक बोलीदाताओं को नीलामी में भाग लेने के लिए निर्धारित सुरक्षा राशि जमा करवानी अनिवार्य होगी। सफल बोलीदाता को सभा द्वारा तय की गई शर्तों के अनुसार धरोहर राशि भी जमा करनी होगी। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश के स्थायी निवासियों को नियमों के तहत प्राथमिकता दी जाएगी।नीलामी की शर्तों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मत्स्य विभाग के निदेशक एवं प्रारक्षी मत्स्य, हिमाचल प्रदेश तथा सहायक निदेशक मत्स्य, चंबा को बिना कारण बताए किसी भी बोली को निरस्त करने का पूर्ण अधिकार होगा।

सफल बोलीदाता को बोली स्वीकृत होने के पश्चात दो दिनों के भीतर सभी निर्धारित शर्तों के अनुसार अनुबंध निष्पादित करना अनिवार्य होगा। यदि कोई बोलीदाता निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करता है, तो उसकी जमा सुरक्षा राशि जब्त कर ली जाएगी।अधिकारियों ने यह भी बताया कि नीलामी की अन्य शर्तें मौके पर पढ़कर सुनाई जाएंगी। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक आधार पर आयोजित की जाएगी, जिससे सभी इच्छुक प्रतिभागियों को समान अवसर मिल सके।संबंधित विभाग ने सभी इच्छुक बोलीदाताओं से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर अपनी बोली प्रस्तुत करें। यह नीलामी स्थानीय मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।
