चुराह की बेटी अनीता शर्मा ने जीता कांस्य पदक, हिमाचल का नाम किया रोशन

चुराह की बेटी अनीता शर्मा ने जीता कांस्य पदक, हिमाचल का नाम किया रोशन

तीसा 11 अप्रैल दिलीप सिंह ठाकुर

चंबा जिले के चुराह क्षेत्र की बेटी अनीता शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, हमीरपुर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही अनीता ने छत्तीसगढ़ में आयोजित अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता के 65 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इस मुकाबले में उन्होंने उत्तर प्रदेश की एक मजबूत पहलवान को हराकर यह उपलब्धि अपने नाम की।अनीता शर्मा ग्राम पंचायत टिकरीगढ़ के गांव पुखरियाल, तहसील चुराह, जिला चंबा की निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अनीता की सफलता को गर्व का विषय बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।अनीता की इस सफलता पर साई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, हमीरपुर में कार्यरत परशुराम अवॉर्डी अंतरराष्ट्रीय कोच जॉनी चौधरी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अनीता ने कठिन परिश्रम और लगन से यह मुकाम हासिल किया है और उनकी यह जीत अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।परिवार ने भी अनीता की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है। उनके पिता ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है और उम्मीद है कि वह भविष्य में देश के लिए और भी बड़े पदक जीतेंगी। उन्होंने बताया कि अनीता बचपन से ही खेलों में रुचि रखती थीं और लगातार मेहनत के बल पर आज इस मुकाम तक पहुंची हैं।उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अनीता के साथ चार अन्य खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। अनीता की इस उपलब्धि से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!