बैसाखी के रंगों में सजा हरोली उत्सव–2026, मुख्यमंत्री ने किया भव्य शुभारंभ

ऊना, 11 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
बैसाखी के पावन अवसर पर जिला ऊना के हरोली में राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की उपस्थिति में इस चार दिवसीय उत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। यह उत्सव 11 से 14 अप्रैल तक सोमभद्रा नदी के तट पर हरोली मैदान, रोड़ा में आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर की पावन ज्योति की पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का वातावरण बन गया। इससे पहले बस अड्डा परिसर से निकली भव्य शोभायात्रा ने आयोजन को जनोत्सव का रूप दे दिया।

पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक झांकियों ने लोगों को आकर्षित किया। सड़कों के दोनों ओर भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान स्थानीय विधायक भी मौजूद रहे। शाम को आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे उत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।

उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। वहीं, उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली उत्सव बैसाखी की खुशियों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच है, जो समाज में ऊर्जा और एकता का संचार करता है।सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
