आगजनी के बाद पुनर्निर्माण की ओर बढ़ा गिरड़ माता मंदिर, श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील

भरमौर/ चम्बा 12 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हाल ही में आगजनी की घटना में क्षतिग्रस्त हुए ऐतिहासिक गिरड़ माता मंदिर के पुनर्निर्माण कार्यों ने अब गति पकड़ ली है। मंदिर परिसर के दौरे के दौरान वहां के हालातों को देखकर जहां एक ओर गहरा दुख व्यक्त किया गया, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और संकल्प ने पुनर्निर्माण की मजबूत नींव भी रख दी है।दौरे के दौरान यह स्पष्ट रूप से देखा गया कि आगजनी की घटना ने भले ही मंदिर की भौतिक संरचना को नुकसान पहुंचाया हो, लेकिन लोगों की आस्था को जरा भी कमजोर नहीं कर पाई है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में मंदिर के पुनर्निर्माण को लेकर गहरी प्रतिबद्धता और उत्साह देखा जा रहा है।

पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए यह भी सामने आया कि कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसे पहले से अधिक भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।इस अवसर पर श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अपील की गई कि वे अपनी क्षमता अनुसार इस पवित्र कार्य में योगदान दें। कहा गया कि छोटा से छोटा सहयोग भी इस धार्मिक धरोहर को पुनर्जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यह पुनर्निर्माण केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र की संस्कृति, आस्था और पहचान को पुनः स्थापित करने का एक सामूहिक प्रयास है।

गिरड़ माता मंदिर क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है और इस घटना के बाद इसके पुनर्निर्माण को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और समाज के सहयोग से इस कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।