तकनीकी शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर, मंत्री राजेश धर्माणी ने बनीखेत संस्थान का किया निरीक्षण

डलहोजी/ चम्बा 14 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राजीव गांधी बहु तकनीकी संस्थान, बनीखेत (कंडा) में आज नगर एवं ग्राम योजना, आवास तथा तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लेते हुए प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मंत्री राजेश धर्माणी ने संस्थान प्रबंधन के साथ बैठक कर शिक्षक वर्ग से आह्वान किया कि तकनीकी शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कुशल और सक्षम मानव संसाधन तैयार करना अत्यंत आवश्यक है, जिसमें तकनीकी शिक्षा की भूमिका अहम है।उन्होंने शिक्षकों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें नई तकनीकों, नवाचार और वैश्विक अवसरों के बारे में भी जागरूक किया जाए।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संस्थान के भवन में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कंप्यूटर आधारित टेस्ट सेंटर (सीबीटी) स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।इसके अतिरिक्त, उन्होंने संस्थान परिसर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, परिसर के समीप भूमि कटाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।इससे पूर्व संस्थान के प्रधानाचार्य दीपक अंगारा ने मंत्री का स्वागत करते हुए पावरप्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से संस्थान की उपलब्धियों और आवश्यकताओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री आशा कुमारी, कमल ठाकुर, धर्म सिंह पठानिया, एसडीएम अनिल भारद्वाज, हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र विशिष्ट, अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर, डीएसपी मयंक शर्मा सहित कई अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।