NH 154-A की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश, 19 अप्रैल को चक्का जाम का ऐलान

NH 154-A की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश, 19 अप्रैल को चक्का जाम का ऐलान

भरमौर/चम्बा 17 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे (NH 154-A) की जर्जर हालत को लेकर क्षेत्र में लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने 19 अप्रैल को इस महत्वपूर्ण मार्ग पर चक्का जाम करने का ऐलान किया है। उन्होंने इसे केवल एक विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि लंबे समय से अनसुनी की जा रही जनता की आवाज़ बताया है।यह हाईवे तहसील भरमौर को देश-दुनिया से जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख मार्ग है, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है।

सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, टूटी हुई सतह, कच्चे हिस्से और भूस्खलन के कारण यात्रा करना जोखिम भरा हो गया है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।स्थिति की गंभीरता इस बात से भी समझी जा सकती है कि आगामी महीनों में उत्तर भारत की प्रसिद्ध धार्मिक यात्रा मणिमहेश यात्रा शुरू होने वाली है। हर साल हजारों श्रद्धालु इस मार्ग का उपयोग करते हैं, लेकिन सड़क की मौजूदा हालत को देखते हुए इस बार यात्रा पर संकट के बादल मंडराते नजर आ रहे हैं। खराब सड़क का सीधा असर पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।

डॉ. जनकराज ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह केवल सड़क का मुद्दा नहीं है, बल्कि लोगों की सुरक्षा और क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा सवाल है।”विधायक ने क्षेत्रवासियों से 19 अप्रैल को बड़ी संख्या में चक्का जाम में भाग लेने की अपील की है। स्थानीय लोगों में भी इस मुद्दे को लेकर भारी आक्रोश है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है या फिर स्थिति और बिगड़ने का इंतजार करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!