चंबा में SIU की बड़ी कार्रवाई, 642 ग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

चंबा में SIU की बड़ी कार्रवाई, 642 ग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

चम्बा 17 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने बड़ी सफलता हासिल की है। आज दोपहर करीब 2 बजे गश्त के दौरान SIU चंबा की टीम ने एक व्यक्ति को चरस के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई चंबा के चनेड क्षेत्र के पास धुड़ी मोड़ पर की गई।इस सारे मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने करते हुए बताया की पकड़े जाने वाले युवक की पहचान देवी सिंह पुत्र किशन चंद निवासी गांव लाथरुंड, डाकघर गनेड, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 34 वर्ष बताई जा रही है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 642 ग्राम चरस बरामद की गई, जो कि एक बड़ी मात्रा मानी जाती है।

यह कार्रवाई SIU टीम द्वारा नियमित गश्त के दौरान संदेह के आधार पर की गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में इंस्पेक्टर गगन, हेड कांस्टेबल अवनीश और SIU की टीम ने अहम भूमिका निभाई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज (FIR) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी इस नशे की खेप को कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

पुलिस इस मामले में संभावित नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में भी जुट गई है।प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!