बकलोह आर्मी कैंट क्षेत्र में प्रशिक्षण के दौरान जवान की मौत, बॉक्सिंग अभ्यास में हुआ था घायल

भटीयात/ चम्बा 18 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
आर्मी कैंटोनमेंट बकलोह क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां प्रशिक्षण के दौरान एक युवा ट्रेनी जवान की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना चुवाड़ी के अंतर्गत आने वाले बकलोह सैन्य क्षेत्र में भारतीय सेना के ट्रेनी जवान 26 वर्षीय ‘मोहित पुत्र संजय शर्मा, निवासी सेक्टर-65 साहूपुरा, फरीदाबाद (हरियाणा) का निधन हो गया।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जवान सुबह लगभग 11 बजे प्रशिक्षण के दौरान बॉक्सिंग अभ्यास कर रहा था, तभी वह अचानक घायल हो गया। साथी जवानों और अधिकारियों द्वारा उसे तुरंत मिलिट्री अस्पताल बकलोह पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे सैन्य क्षेत्र में शोक का माहौल है।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस ने मेडिकल लीगल केस (MLC) प्राप्त कर शव को बकलोह मोर्चरी में रखवाया, जहां एसएफटीएस स्टाफ की मौजूदगी में शव का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान जवान के बाएं कान के पास चोट के निशान पाए गए हैं।जांच में सामने आया है कि मृतक जवान 5 अप्रैल 2026 से प्रशिक्षण पर था और वह 29 पारा यूनिट से संबंधित था। फिलहाल पुलिस और सैन्य अधिकारियों द्वारा मामले की जांच जारी है, हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की साजिश या संदेह की पुष्टि नहीं हुई है।घटना के बाद जवान के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस दुखद घटना ने एक बार फिर प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, सेना और प्रशासन की ओर से मामले की गहन जांच कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।