जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति का लिया गया जायजा

चम्बा, 18 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चम्बा द्वारा आज जिला स्तर पर सभी स्वास्थ्य खंडों के अधिकारियों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने की। इस अवसर पर जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक योजना की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों तथा सामने आ रही चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विशेष रूप से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान तथा गैर संचारी रोगों की रोकथाम से जुड़े कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों को समर्पित भाव से कार्य करने को कहा ।बैठक में जिले में चल रहे टीकाकरण कार्यक्रमों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि नियमित टीकाकरण के साथ-साथ विशेष अभियानों को भी प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि विशेषकर दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच, सुरक्षित प्रसव तथा नवजात शिशुओं की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा एनीमिया मुक्त अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए.इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति तथा उपकरणों की कार्यशीलता का भी जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य संस्थान में संसाधनों की कमी नहीं होनी चाहिए और यदि कहीं कोई समस्या है तो उसे तुरंत उच्च स्तर पर अवगत कराया जाए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से निरीक्षण करें और सेवाओं की गुणवत्ता को बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी, डॉ. वेहवी गुरंग, डॉ. सोहेल सहित विभिन्न खंडों के खंड चिकित्सा अधिकारी—डॉ. नवदीप राठौर, डॉ. दीपेश बराल, डॉ. ऋषि पुरी, डॉ. शाम लाल, डॉ. मनोज ठाकुर, डॉ. नरिंदर, डॉ. शिव राज डॉ विशाल तथा सभी स्वास्थ्य खंडों के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।