साहू में बन रहा खेल मैदान, युवाओं को मिलेगा नया मंच :- सदर विधायक नीरज नैय्यर

साहू में बन रहा खेल मैदान, युवाओं को मिलेगा नया मंच :- सदर विधायक नीरज नैय्यर

चम्बा 18 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा विधानसभा क्षेत्र के साहू इलाके में निर्माणाधीन खेल मैदान का आज विधायक नीरज नैय्यर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि इस खेल मैदान का हाल ही में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा भी दौरा किया गया है। एसोसिएशन ने इस स्थान पर खेल गतिविधियों के विकास की व्यापक संभावनाएं जताई हैं, जिससे क्षेत्र में खेलों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि मैदान के तैयार होने के बाद यहां क्रिकेट सहित अन्य खेलों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।नीरज नैय्यर ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मैदान के बनने से न केवल खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि खेल मैदान के बनने से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!