पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे की बदहाली पर चक्का जाम, लोगों का फूटा गुस्सा

पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे की बदहाली पर चक्का जाम, लोगों का फूटा गुस्सा

चम्बा/ भरमौर 19 अप्रैल मुकेश कुमार( गोल्डी)

पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे की खस्ताहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र में लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। रविवार को भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने हाईवे पर चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी और वाहन चालक मौके पर मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से इस राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत बेहद खराब बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढे, टूटी सड़कें और धूल-मिट्टी के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

खासकर बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। कई बार प्रशासन को इस समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।विधायक डॉ. जनक राज ने मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसकी अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।चक्का जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हालांकि, बाद में प्रशासन के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम को समाप्त किया।स्थानीय लोगों को अब प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!